तीन दशक से फरार खालिस्तान कमांडो फोर्स का सदस्य पंजाब से Arrest

The live ink desk. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) से जुड़े एक आरोपी को 31 वर्ष बाद संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की नोएडा इकाई और गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने मिलकर की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ दयाल सिंह उर्फ राकेश शर्मा उर्फ छिंदा (63) निवासी कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है। उसे वर्ष 1993 में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। उस समय उसके कब्जे से एक एके-56 राइफल और 121 कारतूस बरामद किए गए थे।
आरोपी को 16 अगस्त, 1995 को जमानत मिली थी, जिसके बाद वह न्यायालय में पेश नहीं हुआ और फरार घोषित कर दिया गया। अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध शस्त्र रखने सहित विभिन्न धाराओं में आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) यमुना प्रसाद के मुताबिक, एटीएस और स्थानीय पुलिस ने पंजाब के एसएएस नगर जिले में संयुक्त अभियान चलाकर उसे हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि लंबे समय से लंबित मामलों के निष्पादन और वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।