अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में हाईस्कूल के छात्र की मौत, दो घायल

शंकरगढ़ में परीक्षा देने जाते समय हुआ हादसा

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लगभग 7:35 बजे गढ़वा किला के निकट दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य किशोर घायल हो गए। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तीनों छात्र हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। वे मां शिवकुमारी इंटर कालेज ( Maa Shivkumari Inter College) के विद्यार्थी थे और सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा देने के लिए डा. कैलाशनाथ इंटर कालेज (Dr. Kailash Nath Inter College) जा रहे थे। तीनों प्रतापपुर गांव से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुए थे।

गढ़वा (रमना) के समीप पहुंचने पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। दुर्घटना में शिव कुमार (16), पुत्र शिव प्रसाद, निवासी प्रतापपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना में सुवेंद्र कुमार (16), पुत्र राकेश कुमार तथा अंकित (16), पुत्र फूलचंद्र पाल को भी चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button