अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

Raebareli: कुल्हड़ बनाने वाले को बिहार से मिली एक करोड़ की GST नोटिस

रायबरेली (हरिश्चंद्र यादव).  हरचंदपुर क्षेत्र के एक परंपरागत कुम्हार को बिहार से एक करोड़ रुपये से अधिक की कर देनदारी की नोटिस मिलने का मामला सामने आया है। सीमित आय में मिट्टी के बर्तन बनाकर जीवनयापन करने वाले मोहम्मद शाहिद ने इसे पहचान के दुरुपयोग का मामला बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और राहत की मांग की है।

रघुवीरगंज बाजार निवासी शाहिद वर्षों से कुल्हड़, मटके, दीये और मिट्टी के खिलौने बनाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करते हैं। उनका कहना है कि न तो उनकी कोई फर्म है और न ही वे किसी बड़े व्यापार से जुड़े हैं। गुरुवार को उन्हें वैशाली प्रमंडल, हाजीपुर (बिहार) स्थित केंद्रीय माल एवं सेवा कर कार्यालय से नोटिस प्राप्त हुई। नोटिस में उल्लेख है कि शाहिद के नाम पर सीवान (बिहार) में ‘भारत एंटरप्राइजेज’ नामक इकाई Goods and Services Tax में पंजीकृत है और वित्तीय वर्ष 2022-23 व 2023-24 के लिए कुल 1,00,25,297 रुपये की कर देनदारी लंबित है।

शाहिद ने कहा कि वे औपचारिक रूप से शिक्षित नहीं हैं और आशंका है कि उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी पंजीकरण कराया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों से रिकॉर्ड सत्यापन, फर्म के केवाईसी दस्तावेजों की जांच और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय स्तर पर जीएसटी अधिकारियों की ओर से अब तक औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर तथ्यों की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रकरण ने छोटे कारोबारियों की पहचान सुरक्षा और कर पंजीकरण प्रक्रिया में सत्यापन तंत्र की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह कर देनदारी वास्तविक है या पहचान के दुरुपयोग का मामला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button