राजधानी मेंआतंकी हमले के इनपुट पर हाई अलर्ट, बढ़ाई गई सुरक्षा

The live ink desk. राष्ट्रीय राजधानी में संभावित आतंकी खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। केंद्रीय खुफिया तंत्र से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा इकाइयों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। खास तौर पर पुराने दिल्ली क्षेत्र में स्थित प्रमुख स्थलों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा द्वारा भारत के महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है। इन इनपुट्स में विशेष रूप से लाल किला परिसर के आसपास आईईडी विस्फोट की साजिश की संभावना का उल्लेख किया गया है। इसके मद्देनजर इलाके में गश्त, चेकिंग और निगरानी तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पुरानी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र चांदनी चौक में स्थित एक प्रमुख मंदिर को भी संभावित लक्ष्य के रूप में चिह्नित किया गया है। इस क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की सघन तलाशी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और बम निरोधक दस्तों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की है और स्थानीय थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही, खुफिया इनपुट्स की गहन जांच जारी है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह एहतियाती कदम हैं और आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या नियंत्रण कक्ष को दें। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।



