अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

वोटर लिस्ट दुरुस्त करने को चला विशेष अभियान, डीएम ने परखी हकीकत

विशेष पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण, जिलाधिकारी ने बूथों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत आयोजित चौथे विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विधानसभा शहर-उत्तर क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वेद भवन महाविद्यालय स्थित बूथ संख्या 401 से 405 तथा महाराष्ट्र लोक सेवा ट्रस्ट परिसर में स्थापित बूथ संख्या 416 से 420 का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में अधिकाधिक पात्र नागरिकों को शामिल करने और त्रुटियों के निस्तारण हेतु दावा-आपत्ति अवधि के दौरान चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इससे पूर्व 11, 20 और 31 जनवरी 2026 को अभियान संचालित किया जा चुका है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे। उनके पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा फार्म-6, 6ए, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जहां आवेदन पत्र भरने में सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फार्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें। ऑनलाइन आवेदन के लिए ईसीआईनेट मोबाइल एप या voters.eci.gov.in पोर्टल का भी विकल्प उपलब्ध है। प्रविष्टियों में संशोधन हेतु फार्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन व्यापक स्तर पर अभियान चला रहा है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त दलों के बूथ लेवल एजेंट भी उपस्थित रहे। मौके पर तहसीलदार सदर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button