अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

शंकरगढ़ में तीन दिन बरसेंगे रंग, हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की नजर

थाना प्रभारी ने पीस कमेटी की बैठक में चेताया, कहा-अराजकता स्वीकार नहीं

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शंकरगढ़ थाने में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि त्योहार के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी यशपाल सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शंकरगढ़ में परंपरागत रूप से तीन दिन तक होली उत्सव मनाया जाता है, ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी और सतर्कता दोनों बढ़ जाती हैं। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी सहयोग और संवेदनशीलता बनाए रखने की अपील की।

थाना प्रभारी ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि किसी भी व्यक्ति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग या गुलाल न डाला जाए। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। जुम्मा के दिन विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

प्रशासन ने साफ किया कि शराब के नशे में वाहन चलाने, जबरन रंग डालने, हुड़दंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे तत्वों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तुरंत थाना या डायल सेवा को सूचित करें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि सामूहिक सतर्कता और संयम से ही त्योहार की गरिमा सुरक्षित रखी जा सकती है।

बैठक में इंस्पेक्टर शैलेश सिंह, उपनिरीक्षक शिवकुमार, चेयरमैन प्रतिनिधि छेदीलाल कोटार्य, सभासद प्रकाश चंद्र गुप्ता,पप्पू भारती, आर के सिंह,मोहित लाल, चंदन साहू,व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद केसरवानी, महामंत्री पंकज गुप्ता, आबिद अली, नितेश केसरवानी, धीरज वैश्य समय तमाम लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button