Meerut में भीषण अग्निकांड: एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

लखनऊ (विजय मिश्र). पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर स्थित एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में पांच मासूम बच्चे शामिल हैं।
घटना इस्लामाबाद गली नंबर तीन में रहने वाले कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद के घर में हुई। बताया गया है कि रात के समय परिवार के पुरुष सदस्य तरावीह की नमाज के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान घर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर मौजूद महिलाएं और बच्चे बाहर नहीं निकल सके।
स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देख परिजनों और दमकल विभाग को सूचना दी। संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं। पुलिस और दमकलकर्मियों ने पड़ोसी मकानों की छतों के रास्ते अंदर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां छह को मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकतर की मौत दम घुटने और गंभीर जलन के कारण हुई।
हादसे में आसिम की पत्नी रुखसार (30), उनका तीन वर्षीय पुत्र अकदस, जुड़वां बेटियां नबिया और इनायत, फारूक की 12 वर्षीय बेटी मेहविश और चार वर्षीय बेटा हम्माद की मृत्यु हो गई। परिवार की अन्य सदस्य अमीर बानो और शहजाद का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को मृतकों को मुस्लिम रीति-रिवाज से सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।


