अंतरराज्यीय प्रतियोगिता में लालापुर के प्रशांत ने जीता खिताब

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). यमुनापार के शंकरगढ़ क्षेत्र के लालापुर भटपुरा गांव (वर्तमान निवास: निराला नगर) के युवा छात्र प्रशांत शुक्ला ने एक बार फिर शैक्षणिक मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। कृष्ण चंद्र शुक्ला के पुत्र प्रशांत ने अंतरराज्यीय कविता और भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर न केवल अपने संस्थान, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
बीटेक के छात्र प्रशांत वर्तमान में जीएसए यूनिवर्सिटी, मथुरा में अध्ययनरत हैं। 22 फरवरी को एमवीएन यूनिवर्सिटी, पलवल (हरियाणा) में आयोजित बहु-राज्यीय विद्यालय स्तरीय कविता एवं भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला था, लेकिन प्रशांत की अभिव्यक्ति, विषय की पकड़ और प्रभावशाली प्रस्तुति ने निर्णायकों को प्रभावित किया।
यह उनकी लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले भी वे इसी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। दोबारा जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी निरंतरता और समर्पण का प्रमाण दिया है।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें प्रमाणपत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। संस्थान के पदाधिकारियों ने प्रशांत की उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे छात्र अपने परिश्रम और लगन से न केवल संस्थान, बल्कि समाज और प्रदेश का भी नाम ऊंचा करते हैं। प्रशांत की इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं के लिए नई प्रेरणा का संदेश दिया है।

