बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर आयकर का छापा

लखनऊ (विजय मिश्र). बहुजन समाज पार्टी के उत्तर प्रदेश में इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर बुधवार को आयकर विभाग ने छापेमारी की कार्रवाई की। टीम ने गोमतीनगर स्थित घर और कार्यालय दोनों स्थानों पर एक साथ पहुंचकर तलाशी शुरू की।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती रही और परिसर को अस्थायी रूप से सील कर आवागमन सीमित कर दिया गया। अधिकारियों ने घर के विभिन्न हिस्सों में दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की।
सूत्रों के अनुसार तलाशी के दौरान एक डायरी बरामद हुई है, जिसमें कथित रूप से कई वर्तमान और सेवानिवृत्त पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के नाम दर्ज बताए जा रहे हैं। आयकर विभाग वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रहा है। हालांकि, विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब विधायक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। छापेमारी की खबर के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
