प्रयागराज में 12,267 नाविकों को मिलेगी लाइफ जैकेट

38 जिलों के नाविकों को बांटी जाएगी 66,077 लाइफ जैकेट, 13.21 करोड़ की राशि जारी
लखनऊ/प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रदेश की नदियों में संचालित पंजीकृत नावों पर यात्रियों और नाविकों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और पीएसी के समन्वय से 38 जनपदों में पंजीकृत नौकाओं के स्वामियों को कुल 66,077 लाइफ जैकेट वितरित की जाएंगी।
राहत आयुक्त/अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि संबंधित जिलों में जिलाधिकारी की देखरेख में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि 15 दिनों के भीतर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वितरण प्रक्रिया पूरी की जाए।
811 घाटों पर 4175 नौकाएं संचालित
पीएसी द्वारा निविदा प्रक्रिया के माध्यम से 38 जिलों के 811 घाटों पर संचालित 4,175 पंजीकृत नौकाओं के लिए लाइफ जैकेट की खरीद की गई है। इस पूरी योजना के लिए राज्य आपदा मोचक निधि से 13 करोड़ 21 लाख 54 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई है। अधिकारियों के अनुसार, वितरण से पहले लाइफ जैकेट की गुणवत्ता की जांच अधिकृत प्रयोगशालाओं से कराई जा चुकी है।
पोर्टल पर नावों का पंजीकरण
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में बढ़ते जल परिवहन और पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए यह कदम जन-सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। नावों का पंजीकरण बोट सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर किया गया है और प्रत्येक नाव पर यात्रियों की स्वीकृत क्षमता के अनुरूप लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई जाएंगी।
वाराणसी को सर्वाधिक 33300 जैकेट
जिलावार वितरण में वाराणसी को सर्वाधिक 33,300 लाइफ जैकेट मिलेंगी। इसके अतिरिक्त प्रयागराज में 12,267, मिर्जापुर में 5,437, मऊ में 3,394, बलिया में 1,844, हापुड़ में 1,462 तथा कौशांबी में 970 लाइफ जैकेट वितरित की जाएंगी। प्रशासन का दावा है कि इस पहल से नदी परिवहन में सुरक्षा मानकों को मजबूती मिलेगी और दुर्घटना की स्थिति में जनहानि की आशंका को न्यूनतम किया जा सकेगा।