UP STF:प्रयागराज इकाई ने 50 हजार के इनामिया गो तस्कर को दबोचा

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (STF) की प्रयागराज इकाई ने वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मोहम्मद आमिर को जनपद प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के विरुद्ध गौवध अधिनियम एवं संबंधित धाराओं में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी से बचने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर अभियुक्त को दबोच लिया। वह काफी समय से फरार चल रहा था और उस पर शासन स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के दौरान आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मोहम्मद आमिर मूल रूप से प्रयागराज जनपद के मऊआइमा थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय केशव उर्फ बागी गांव का निवासी है। इनाम घोषित होने के बाद वह अपने ननिहाल बहरिया थाना क्षेत्र के फाजिलाबाद उर्फ कालूपुर गांव में रह रहा था। पुलिस अभिलेखों में उसका एक अन्य पता नवाबगंज थाना क्षेत्र के आधारगंज लाल गोपालगंज का भी दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में प्रतापगढ़ जनपद के देल्हूपुर थाने में उसके विरुद्ध गाय चोरी और गौवध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में नामजद होने के बाद से वह न्यायिक प्रक्रिया से बचता रहा, जिसके चलते उस पर इनाम घोषित किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब उससे जुड़े संभावित अन्य आपराधिक पहलुओं की भी जांच कर रही है।




One Comment