अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

कुंडा पुलिस के हत्थे चढ़ा 50000 का इनामिया, देल्हूपुर में भी एक गिरफ्तार

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). कुंडा कोतवाली क्षेत्र में पिछले वर्ष हुए युवती अपहरण व हत्या कांड में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक बृजनन्दन राय के अनुसार, 22 दिसंबर को कुंडा क्षेत्र से एक युवती का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य वारदात के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। प्रकरण में नामजद आरोपी सत्यम मिश्रा पुत्र दिनेश चन्द्र मिश्रा, निवासी नई बाजार रहवई, लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर रणनीतिक घेराबंदी करते हुए दुखिया चौराहा के निकट आरोपी को पकड़ लिया। कार्रवाई का नेतृत्व कुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक कार भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दूसरी तरफ गो हत्या के मामले में वांछित चल रहे मोहम्मद आमिर को एसटीएफ व देल्हूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार  किया है। मोहम्मद आमिर के ऊपर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह गिरफ्तारी क्षेत्र के बस स्टैंड के पास से की गई है। आमिर के ऊपर प्रयागराज व जनपद प्रतापगढ़ में गोवध अधिनियम, चोरी, छेडखानी जैसे गंभीर अपराध पंजीकृत हैं।

सुलतानपुर में 50 हजार का इनामी बदमाश एंकाउंटर में घायल

सुलतानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और वांछित अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बल्दीराय में भर्ती कराया।

अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह के अनुसार, थाना बल्दीराय पुलिस रात में क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी अवैध हथियार के साथ पारा की ओर बढ़ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरता देख आरोपी ने पुलिस दल पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श सिंह पुत्र दशरथ सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम डोभियारा, थाना हलियापुर, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई है। वह थाना हलियापुर का वांछित अभियुक्त है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

गिरफ्तारी के समय उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने शस्त्र को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 20 नवंबर 2025 को अयोध्या जनपद की पुलिस टीम जब उसे पकड़ने के लिए दबिश देने पहुंची थी, तब आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पुलिस दल पर हमला किया था। आरोप है कि उस दौरान सरकारी हथियार और मोबाइल फोन भी छीन लिए गए थे। इस संबंध में थाना हलियापुर में पहले से मुकदमा दर्ज है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रचलित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button