SI Recruitment Exam: कड़ी सुरक्षा के बीच 43 केंद्रों पर हुई परीक्षा

दरोगा भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा में शुरू, प्रयागराज के 43 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश में दरोगा भर्ती परीक्षा शनिवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच हुई। संगम नगरी प्रयागराज में भी परीक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यहां 43 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की निगरानी के बीच दो पालियों में परीक्षा कराई जा रही है।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न हुई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जानी है। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को कड़ी जांच और पहचान सत्यापन के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है।
व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ( Jogendra Kumar), जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ( Manish Kumar Verma) और डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य (Manish Kumar Shandilya) सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
4543 पदों के लिए हो रही भर्ती
दरोगा भर्ती परीक्षा का आयोजन Uttar Pradesh Police Recruitment and Promotion Board द्वारा किया जा रहा है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 4,543 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। परीक्षा के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
परीक्षा प्रदेश के सभी 75 जिलों में 1,090 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। बोर्ड ने इस बार केवल सरकारी संस्थानों—जैसे राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सरकारी डिग्री कॉलेज, विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक और सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज—को ही परीक्षा केंद्र बनाया है।
प्रयागराज में उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़
दरोगा भर्ती परीक्षा के चलते संगम नगरी में परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दूसरे जिलों में परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों के कारण शहर के बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ गई। खासतौर पर विद्या वाहिनी मैदान में बनाए गए अस्थायी बस स्टेशन पर शाम होते-होते भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे व्यवस्थाओं पर दबाव दिखाई दिया।
बसों और ट्रेनों में रही भारी भीड़
प्रयागराज से जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर जाने वाली बसों में सीट पाने के लिए अभ्यर्थियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कानपुर, अयोध्या और लखनऊ रूट की बसों में भी इसी तरह की भीड़ रही और कई बसें स्टैंड से ही पूरी तरह भरकर रवाना हुईं।
रेलवे स्टेशनों पर भी परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या नजर आई। प्रयागराज जंक्शन (Prayagraj Junction) दूसरे जिलों से आए अभ्यर्थियों ने डेरा डाल दिया। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और खुले स्थानों पर अभ्यर्थी अपने बैग और किताबों के साथ परीक्षा की तैयारी करते दिखाई दिए।


One Comment