श्रद्धालुओं से भरी नाव यमुना में पलटी, 10 की मौत, कई लापता

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में यमुना नदी में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक नाव केशी घाट के निकट पोंटून (पीपा) पुल से टकराकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नाव में करीब 25 से 30 लोग सवार थे।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक हादसे में अब तक 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य के दौरान अब तक कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा परिक्षेत्र ने बताया कि घटना दोपहर करीब 3:15 बजे बंसीवट और केशी घाट के बीच उस स्थान पर हुई, जहां यमुना पर अस्थायी पुल बनाया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाव तेज हवा के कारण असंतुलित होकर पुल से टकरा गई, जिससे यह दुर्घटना हुई।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, गोताखोरों की टीमों के साथ राहत कार्य शुरू कर दिया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हो रही हैं। प्रशासन द्वारा लापता लोगों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
उच्च स्तर पर भी घटना का संज्ञान लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने बताया कि नाव में सवार लोगों की सटीक संख्या का सत्यापन किया जा रहा है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


