प्रयागराज में महिला की हत्या, सिर पर भारी वस्तु से किया गया प्रहार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). जिले के सराय इनायत थानाक्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। छीटपट्टी गांव में बुधवार सुबह संगीता (30), पत्नी शैलेश, मृत अवस्था में पाई गईं। प्रारंभिक जांच में उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से सराय इनायत थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सूचना मिलते ही सराय इनायत थानाध्यक्ष संजय गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। साथ ही गला दबाकर हत्या किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सके। फिलहाल मामले में मृतका के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक कारणों की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें मृतका के पति की भूमिका को भी संदेह के दायरे में रखा गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।



