नवनिर्माण के 9 वर्षः प्रदर्शनी में दिखाई गईं जन कल्याणकारी योजनाएं

भदोही (संजय सिंह). ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ कार्यक्रम के तहत भदोही में आयोजित 9 दिवसीय प्रदर्शनी के दूसरे दिन विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में विकास भवन में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी बालगोविंद शुक्ल ने की।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व सहायता सामग्री वितरित की। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सांस्कृतिक कलाकारों ने गीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोबिन्द शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिल रहा है और विकास की नई तस्वीर उभर रही है। उन्होंने आधारभूत ढांचे, महिला सशक्तिकरण और कानून व्यवस्था में सुधार को प्रमुख उपलब्धि बताया।
डीडीएजी अश्वनी सिंह के साथ अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान कल्याण योजनाओं समेत कई योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि बाल सेवा योजना के तहत अब तक 1141 बच्चों को लाभ मिल चुका है, जिससे उनके भरण-पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य को मजबूती मिली है।
