लालगंज और लीलापुर पुलिस से मुठभेड़ में 25 हजार का इनामिया घायल

रानीगंज पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनामिया को ईंट-भट्ठे के पास से दबोचा
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जनपद के लीलापुर थाना क्षेत्र में लूट और चेन स्नैचिंग से जुड़े एक मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। लीलापुर और लालगंज थानों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है।
पुलिस के अनुसार, लीलापुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 62/26 (धारा 304(2) बीएनएस) से संबंधित आरोपी विपिन सिंह पहले से ही लालगंज थाने के एक अन्य प्रकरण में हिरासत में था। पूछताछ के दौरान उसने 16 मार्च की घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और छीनी गई सोने जैसी पीली धातु की चेन का हिस्सा सई नदी के पास झाड़ियों में छिपाने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर बरामदगी के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी राजकुमार सिंह घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
घटनास्थल से पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और छीनी गई चेन का हिस्सा बरामद किया है। घायल आरोपी और घायल सिपाही को उपचार के लिए सीएचसी लालगंज भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी विपिन सिंह, अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र का निवासी है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह कई आपराधिक मामलों में वांछित रहा है, जिनमें लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में अंजाम दी गई।

रानीगंज पुलिस ने हत्यारोपी इनामिया खुर्शीद आलम को पकड़ा
दूसरी तरफ रानीगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुर्शीद आलम काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे थाना क्षेत्र के पूरे गोलिया मल्लू स्थित एक ईंट भट्ठे के पास से घेराबंदी कर पकड़ा।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अंजाम दी गई, जिसमें रानीगंज थाना पुलिस की सक्रिय भूमिका रही।
