अलग-अलग आए थे, परिवार परामर्श केंद्र से एक होकर लौटे दंपति
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). छोटी-मोटी समस्याओं को लेकर वैवाहिक संबंधों में आने वाली खटास को दूर करने की दिशा में प्रयासरत महिला थाना भदोही ने आज फिर से दो परिवारों को एक करने में सफलता हासिल की है। दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ तमाम आरोप-प्रत्यारोप के साथ थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद दंपतियों ने अपनी-अपनी गलती स्वीकार की औऱ नये सिरे से जीवन को शुरू करने की सहमति जताई। इसके बाद महिला थाना परिसर में ही दंपतियों ने एक दूसरे को माला पहनाई। इसके बाद दोनों को थाने से विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र भदोही पर एक आवेदिका द्वारा अपने पति के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न के संबंध में 19 नवंबर को शिकायत की गई थी। प्रार्थना पत्र पर दोनों पक्षों को नोटिस भेजकर महिला थाना/परिवार परामर्श केंद्र ज्ञानपुर में तलब किया गया था। इसके बाद तीस नवंबर, आठ दिसंबर और 15 दिसंबर को दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर अलग-अलग काउंसिलिंग की गई। समझाया गया। इसके बाद दंपति एक साथ रहने को राजी हुआ।
यह भी पढ़ेंः पूर्व विधायक विक्रमाजीत मौर्य का निधन, जनप्रतिनिधियों ने जताई संवेदना
यह भी पढ़ेंः खीरीबीरी पुल से लूटे गए मोबाइल के साथ अभियुक्त गिरफ्तार
यह भी पढ़ेंः शिक्षकों को मिले कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ, महासंघ ने सौंपा मांगपत्र
इसी क्रम में एक अन्य आवेदिका द्वारा अपने पति के विरुद्ध चार नवंबर को आपसी रहन सहन व पारिवारिक विवाद के संबंध में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। इस मामले में भी दोनों पक्षों को नोटिस भेजकर परिवार परामर्श केंद्र पर 15 नवंबर, 18 नवंबर और फिर 15 दिसंबर को तलब किया गया। दोनों पक्षों को काफी जद्दोजहद व अथक प्रयास कर समझाया गया। दोनों पक्ष अपनी-अपनी बीती हुई गलतियों को स्वीकार कर रहे हैं और आपस में पुनः पति/पत्नी की तरह रहने को तैयार हैं।
दोनों मामलों में दंपति के राजी होने पर परिवार परामर्श केंद्र से एक साथ विदाई की गई। परिवार परामर्श केंद्र पर नाराज दंपतियों को एक करने में थानाध्यक्ष मक्खन लाल, सब इंस्पेक्टर त्रियुगीनारायण मिश्र, महिला सब इंस्पेक्टर गीता देवी, हेड कांस्टेबल धनेश राम, राजेश प्रजापति, महिला अंजुम आरा और शैलेन्द्र रानी ने भरपूर सहयोग किया।
