27 मार्च को लगेगा रोजगार मेला, 2000 से अधिक पदों पर की जाएगी नियुक्ति

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में 27 मार्च 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला प्रातः 10 बजे से डायट परिसर में आयोजित होगा, जिसमें शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ निजी क्षेत्र की कंपनियां भी बड़ी संख्या में प्रतिभाग करेंगी।
इस रोजगार मेले की खास बात यह है कि जनपद के विभिन्न बोर्ड—सीबीएसई, आईसीएसई एवं उत्तर प्रदेश बोर्ड से संबद्ध प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक के विद्यालय अपने यहां योग्य शिक्षकों की भर्ती के लिए शामिल होंगे। मेले में डायट एवं अन्य प्रशिक्षण संस्थानों से डीएलएड और बीएड कर चुके, साथ ही टीईटी एवं सीटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को सीधे साक्षात्कार के माध्यम से अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त निजी क्षेत्र की लगभग 15 कंपनियां भी इस मेले में भाग लेंगी, जहां 2000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए प्रस्तावित वेतनमान 12,500 रुपये से 25,000 रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है, जिससे युवाओं को विविध क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र तथा जाति प्रमाणपत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी।
अधिकारियों ने बताया कि रिक्त पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

