प्रयागराज में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहें बेबुनियाद, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). जनपद के शंकरगढ़ क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों को प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने सिरे से खारिज कर दिया है। अधिकारियों और पंप संचालकों का कहना है कि जनपद में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है तथा आपूर्ति श्रृंखला सुचारु रूप से संचालित हो रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं।
शिवराजपुर स्थित गोपाल फिलिंग स्टेशन के संचालक ने स्पष्ट रूप से बताया कि उनके यहां पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि नियमित अंतराल पर टैंकरों के माध्यम से ईंधन की आपूर्ति हो रही है, जिससे स्टॉक लगातार बना हुआ है। उन्होंने आमजन से संयम बनाए रखने और केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की।
बताया गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और आपसी चर्चाओं के जरिए ईंधन संकट की भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। इससे लोगों में अनावश्यक घबराहट फैल रही है और कई स्थानों पर पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति बन रही है। पंप संचालकों ने कहा कि इस तरह की अफवाहें व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए लोग सतर्क रहें और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
368 पेट्रोल पंपों पर 59 लाख लीटर ईंधन मौजूद
प्रशासन ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जनपद प्रयागराज में डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान समय में जिले के 368 पेट्रोल पंपों के टैंकों में करीब 30 लाख लीटर डीजल और 29 लाख लीटर पेट्रोल मौजूद है, जो सामान्य खपत की तुलना में पर्याप्त है। अधिकारियों के अनुसार, यह भंडारण किसी भी संभावित मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।
प्रयागराज में छह-आठ लीटर है रोज की खपत
आंकड़ों के मुताबिक, प्रयागराज में प्रतिदिन औसतन 6 से 8 लाख लीटर पेट्रोल और डीजल की खपत होती है। इस खपत के अनुपात में उपलब्ध स्टॉक कई दिनों की जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकता है। साथ ही डिपो से पेट्रोल पंपों तक ईंधन की आपूर्ति लगातार जारी है और इसमें किसी प्रकार की बाधा या व्यवधान नहीं है।
जितनी जरूरत हो उतना ही तेल गाड़ी में भरवाएं
प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, धैर्य बनाए रखें और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। अनावश्यक घबराहट या अधिक मात्रा में ईंधन की खरीद से बचने की भी सलाह दी गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से सुविधा मिल सके।


2 Comments