उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

अफवाहों से न घबराएं, समय पर बुकिंग करें—घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर: योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईंधन और रसोई गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर सख्त संदेश देते हुए कहा है कि प्रदेश में कहीं भी गैस सिलेंडर या पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है, निर्धारित समय पर बुकिंग करने पर गैस सिलेंडर सीधे घर तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से संयम बरतने और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की है।

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से अफवाहें फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो गैस सिलेंडर पहले एक महीने तक चलता था, उसके लिए अब लोग कुछ ही दिनों में क्यों लाइन लगाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था पहले की तरह सुचारु रूप से जारी रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि अफवाहों के प्रभाव में आकर अनावश्यक खरीदारी करना न केवल अव्यवस्था पैदा करता है, बल्कि इससे सामाजिक जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धैर्य रखें और किसी भी दुष्प्रचार का हिस्सा न बनें। उन्होंने यह भी कहा कि देश में सभी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं और किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।

वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनावपूर्ण हालात के बावजूद भारत सुरक्षित और स्थिर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि यदि वैश्विक संकट लंबा खिंचता है, तो उसका प्रभाव हर देश पर पड़ सकता है, ऐसे में नागरिकों को मानसिक रूप से तैयार रहते हुए सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिए। यही सच्ची राष्ट्रभक्ति है और इसी से चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button