अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

जरूरत दो लीटर ईंधन की, 20 लीटर खरीद घर में कर रहे डंप

अफवाहों से बढ़ी पेट्रोल पंपों पर भीड़, प्रशासन ने कहा—ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). जनपद में डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों ने आम लोगों में अनावश्यक घबराहट पैदा कर दी है। हालात यह हैं कि जरूरत से अधिक ईंधन खरीदकर लोग घरों में भंडारण करने लगे हैं, जिससे पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है। हालांकि, पंप संचालकों और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।

एमपी से प्रयागराज आए तेल भरवाने

यमुनापार क्षेत्र के कपारी स्थित हीरा फिलिंग स्टेशन के संचालक राजेश पांडेय के मुताबिक, बीते कुछ घंटों में अफवाहों के चलते न केवल स्थानीय बल्कि आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल लेने पहुंच रहे हैं। मध्य प्रदेश से सटे क्षेत्रों के अलावा बरगढ़, बसवार, राजापुर, परवेजाबाद, नैनी और गौहनिया से भी लोग यहां आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपूर्ति सामान्य होने के बावजूद अचानक बढ़ी मांग के कारण पंपों पर दबाव बढ़ा है।

200 वालों ने भरवाया दो हजार का तेल

बाला जी फिलिंग स्टेशन बारा के प्रोपराइटर रोहित केसरवानी ने बताया की बीती रात 2:00 बजे से उनके पंप पर भारी भीड़ जमा है। बनारस समेत आसपास के कई जिलों के लोग तेल भरवाने के लिए पहुंचने लगे। बताया कि आमतौर पर जो लोग दो-तीन सौ का तेल भरवाते थे, वह दो-तीन हजार का तेल खरीद रहे हैं। खपत बढ़ने के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है, लेकिन उनका पेट्रोल पंप सुचारू रूप से कार्य कर रहा है।

जितनी जरूरत उतना ही तेल खरीदें

उधर, जिला पूर्ति अधिकारी ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया और आपसी बातचीत के जरिए ईंधन संकट की भ्रामक खबरें फैला रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।

प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों से संयम बरतने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि आपूर्ति प्रणाली सुचारु रूप से चलती रहे और किसी प्रकार की परेशानी न हो।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button