Pratapgarh: पेट्रोल-डीजल का है पर्याप्त स्टाक,जितनी जरूरत हो उतना ही खरीदें
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जनपद में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में तेल आपूर्ति की स्थिति का आकलन किया गया, जिसमें अधिकारियों ने आपूर्ति को पूरी तरह सामान्य बताया।
जिले में 248 पेट्रोल पंप सक्रिय
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी अनुभव त्रिवेदी और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि जनपद के सभी 248 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे घबराहट में अनावश्यक ईंधन की खरीद न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान देने से कृत्रिम संकट की स्थिति बन सकती है।
जिला कंट्रोल रूम में करें शिकायत
प्रशासन ने लोगों को किसी भी समस्या की स्थिति में जिला कंट्रोल रूम (9454417917) और आपूर्ति विभाग के नंबर (9918956000) पर संपर्क करने की सलाह दी है। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे जरीकेन या बोतलों में ईंधन की बिक्री न करें।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर हालात पर नजर बनाए रखने और शांति-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

