…और ये रन आउट! आज से शंकरगढ़ में महसूस कीजिए नाइट क्रिकेट का रोमांच

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला अस्पताल परिसर में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन आज (11 अप्रैल, शाम सात बजे) से शुरू हो रहा है। रोशनी में खेले जाने वाले इस प्रतियोगिता का शुभारंभ शाम 7 बजे किया जाएगा, जिसे लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार, इस टूर्नामेंट में क्षेत्र की कई टीमें भाग लेंगी और मुकाबले रात्रिकालीन वातावरण में खेले जाएंगे, जिससे प्रतियोगिता का आकर्षण और बढ़ेगा। आयोजकों ने खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
प्रतियोगिता को प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए आकर्षक पुरस्कारों की भी घोषणा की गई है। विजेता टीम को 21 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को ‘मैन ऑफ द मैच’ और पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार दिया जाएगा।
इस आयोजन की जिम्मेदारी एक सक्रिय समिति द्वारा संभाली जा रही है, जिसमें संयोजक दुर्गेश सिंह बघेल, अध्यक्ष बलवीर सिंह, मनोज गुप्ता, उपाध्यक्ष देवा सोनी, कोषाध्यक्ष अतुल खान, लाला सिंह, मूल चिरंजीवी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। आयोजन समिति ने कहा है कि इस तरह के खेल आयोजनों से क्षेत्र में प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।
स्थानीय स्तर पर आयोजित यह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर देगा, बल्कि सामुदायिक सहभागिता और उत्सव का माहौल भी तैयार करेगा।


