बेकाबू स्कॉर्पियो ने आटो को मारी टक्कर, पांच श्रद्धालुओं की मौत

The live ink desk. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पांच लोगों की जान ले ली, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। थाटीपुर क्षेत्र के परशुराम चौराहे के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, हादसा तड़के करीब तीन बजे उस समय हुआ जब ऑटो सवार नौ लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
मृतकों में इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), उनकी पत्नी लीला (52), शुभम उर्फ लाली (30), उनकी पत्नी शगुन और प्रीति कश्यप (60) शामिल हैं। जबकि घायलों में प्रीति (20), प्रियांश (5), आरव (6) समेत एक अन्य व्यक्ति का उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से पहले स्कॉर्पियो ने बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी थी, जिसके बाद पुलिस उसका पीछा कर रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और ऑटो को टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक नशे की हालत में लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।


