
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे बस सवार सभी लोग, उमरानाला क्षेत्र में हुआ हादसा
भोपाल. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे (Horrific Road Accident in Chhindwara) में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मोहखेड़ थाना क्षेत्र में सेमरिया हनुमान मंदिर के पास छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर यात्रियों से भरी बस और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बस टकराने के बाद पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस में सवार 47 लोग एक सरकारी कार्यक्रम से लौट रहे थे। उमरानाला क्षेत्र में शाम करीब 6:30 बजे पिकअप से टक्कर होते ही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालकों समेत 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पुरुष, महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि कुछ को गंभीर चोटों के चलते नागपुर रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब 20 से अधिक एंबुलेंस के जरिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आपातकालीन अलर्ट जारी कर चिकित्सकों की टीम इलाज में जुटी है। दुर्घटना के कारण मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
छिंदवाड़ा (Chhindwara) कलेक्टर हरेंद्र नारायण समेत प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में कुछ की हालत बेहद नाजुक है और उन्हें उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये और गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी घायलों के नि:शुल्क उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। राज्य स्तर पर स्वास्थ्य विभाग ने नियंत्रण कक्ष स्थापित कर उपचार व्यवस्था की निगरानी शुरू कर दी है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल प्राथमिकता घायलों के उपचार और यातायात बहाली पर केंद्रित है।



One Comment