कोल्ड स्टोरेज प्रकरणः फरार चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). गंगानगर के फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर मोरहू स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में हुई घटना के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लगातार अभियान चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कस रही पुलिस ने यह कार्रवाई फाफामऊ रेलवे स्टेशन के पास से की।
पुलिस आयुक्त और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चल रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत गंगानगर जोन की टीम सक्रिय रही। पुलिस उपायुक्त एवं अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त थरवई के नेतृत्व में फाफामऊ थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है, जो चंदापुर गांव के निवासी हैं। दोनों आरोपी इस मामले में दर्ज मुकदमा संख्या 44/2026 में विभिन्न धाराओं के तहत वांछित चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

