अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

Cold Storage Case: बेटे व भतीजे के साथ पूर्व मंत्री अंसार अहमद गिरफ्तार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर मोरहू स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों को भदरी रेलवे ओवरब्रिज के पास से दबोचा, जहां से एक फॉर्च्यूनर कार और स्टोरेज से जुड़े अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को अमोनिया गैस चैंबर फटने से कोल्ड स्टोरेज की दीवार और छत ढह गई थी, जिसमें कई मजदूर मलबे में दब गए थे। रेस्क्यू अभियान में कुल 18 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से चार की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

मामले में थाना फाफामऊ में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सात नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई थी। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन आरोपियों में पूर्व मंत्री अंसार अहमद, भतीजा अलाउद्दीन और बेटा मंजूर इलाही—को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से कोल्ड स्टोरेज से संबंधित कागजात और रजिस्टर भी मिले हैं, जिन्हें जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। बरामद वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकरण में फाफामऊ थाने में दर्ज एफआईआर में अंसार अहमद समेत कुल 7 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और लापरवाही जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर भी जांच तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मामले की जांच एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विनीता सिंह को सौंपी है। निर्देश दिए गए हैं कि दो दिनों में प्रारंभिक रिपोर्ट और सात दिनों में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button