निर्माणाधीन मकान पर गिरी दीवार, मजदूर की मौत, दो घायल

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शहर के साउथ मलाका क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन मकान पर बगल की पुरानी इमारत का हिस्सा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय मौके पर काम कर रहे कई मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है, जब साउथ मलाका स्थित ‘नवाब की रसोई’ के पास एक निर्माणाधीन मकान पर अचानक पड़ोस की जर्जर इमारत का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। उस समय वहां करीब नौ मजदूर काम कर रहे थे। मलबा गिरते ही तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया और उन्हें Swaroop Rani Nehru Hospital भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मिर्जापुर निवासी विनोद (35) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के दौरान पास में मौजूद दो महिलाएं और दो बच्चे बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बगल की इमारत काफी जर्जर थी, जिसका हिस्सा अचानक गिर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और भवन स्वामित्व तथा निर्माण से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


One Comment