अवधइवेंटउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

यूपी पीसीएस-2024 का अंतिम परिणाम घोषितः नेहा पांचाल ने किया टॉप

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। कुल 947 रिक्त पदों के सापेक्ष 932 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।

परिणाम के अनुसार नेहा पांचाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। चयनित अभ्यर्थियों में 613 पुरुष और 319 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

टॉप-10 में महिला अभ्यर्थियों का दबदबा

शीर्ष 10 में छह महिला अभ्यर्थियों ने स्थान बनाया है। चयनित अभ्यर्थियों में क्रमशः नेहा पांचाल, अनन्या त्रिवेदी, अभय प्रताप सिंह, अनामिका मिश्रा, नेहा सिंह, दीप्ति मिश्रा, पूजा तिवारी, अनुराग पांडेय, शुभम सिंह और आयुष पांडेय शामिल हैं।

आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा का परिणाम 4 फरवरी 2026 को घोषित किया गया था, जिसमें 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया। न्यायालय के निर्देशों के तहत दो अन्य अभ्यर्थियों को भी सशर्त रूप से इंटरव्यू में शामिल किया गया। साक्षात्कार प्रक्रिया 26 फरवरी से 23 मार्च के बीच संपन्न हुई, जिसमें 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

कुछ पद खाली, पुनः विज्ञापन की सिफारिश

24 प्रकार के पदों/सेवाओं के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की गई, हालांकि व्यवस्थाधिकारी का एक और व्यवस्थापक के 14 पद योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण रिक्त रह गए हैं। आयोग ने इन पदों के पुनः विज्ञापन की संस्तुति की है।

आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के नाम के आगे ‘PROV’ अंकित है, उन्हें निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे, अन्यथा उनका चयन निरस्त किया जा सकता है। कटऑफ और अंक विवरण शीघ्र जारी किए जाएंगे।

नामों का रोचक ट्रेंड भी सामने आया

चयन सूची में कुछ नामों की संख्या विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। ‘नेहा’ नाम की 13 महिला अभ्यर्थी सफल हुईं, जिनमें से तीन शीर्ष 11 में शामिल हैं और डिप्टी कलेक्टर/एसडीएम पद के लिए चयनित हुई हैं। इसके अलावा पूजा नाम से छह, गरिमा से पांच, अंकिता से चार तथा स्नेहा, सृष्टि और दीक्षा नाम की तीन-तीन अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

पुरुष अभ्यर्थियों में ‘अभिषेक’ नाम के 22 उम्मीदवार सफल रहे, जबकि विनय नाम से आठ, अविनाश और अनुराग नाम से छह-छह तथा सचिन नाम से पांच अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button