कचहरी में मना ‘बहुजन एकता दिवस’, UGC Act की बहाली को चलेगा अभियान

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). जिला कचहरी में अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को ‘बहुजन एकता दिवस’ मनाते हुए यूजीसी एक्ट 2026 की बहाली के समर्थन में व्यापक अभियान चलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन यूजीसी एक्ट 2026 बचाओ समता आंदोलन, इलाहाबाद के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आंदोलन के संयोजक डॉ. कमल उसरी ने कहा कि 2 अप्रैल का दिन सामाजिक न्याय की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण प्रतीक के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने 2018 में एससी/एसटी कानून को लेकर हुए देशव्यापी आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष के जरिए ही अधिकारों की रक्षा संभव है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी रेगुलेशन 2026 के संबंध में सकारात्मक निर्णय नहीं आता, तो आगे भी व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है।

वरिष्ठ अधिवक्ता धीरेंद्र यादव ने कहा कि बहुजन एकता दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि अधिकारों के लिए संघर्ष का संकल्प दिवस भी है। उन्होंने बताया कि आज से 14 अप्रैल तक ‘समता अधिकार अभियान’ चलाया जाएगा, जिसमें संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीकों से अपनी बात रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित निर्णय तक आंदोलन को संगठित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं और प्रतिभागियों ने दो मिनट का मौन रखकर सामाजिक आंदोलनों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अधिवक्ता कुमार सिद्धार्थ, गुलाब सिंह यादव, सौरभ कुमार, अनीश यादव, दिनेश कुमार राव, रमेश कुमार, हेमराज, आशीष कुमार, अंशु पाल, इंद्रजीत पाल, अमन चंद्रा, प्यारे लाल, आशीष पाल, श्याम चंद्र पाल, प्रमोद कुमार भारतीय, जितेंद्र कुमार सहित कई अधिवक्ता, सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, यह अभियान सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की बहाली को केंद्र में रखकर चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
