अपराध समाचारउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलराज्य

Police Encounter में मारा गया कुख्यात आशु चड्ढा उर्फ मोंटी

लखनऊ (विजय मिश्र). पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने कुख्यात शूटर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को मुठभेड़ में मार गिराया। मोंटी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह हाल ही में एक बड़े कारोबारी से करोड़ों की रंगदारी मांगने तथा जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के अनुसार, हापुड़ जनपद के मीरपुर कला निवासी मोंटी पश्चिमी यूपी में सक्रिय उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर था। उसने मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित एक निर्यात फर्म के संचालक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। विरोध करने पर कारोबारी पर फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश की गई थी, जिसके बाद से वह फरार था और एसटीएफ की रडार पर था।

बुधवार देर रात एसटीएफ मेरठ यूनिट और स्थानीय पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस के पास घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख मोंटी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक स्विफ्ट कार, .32 बोर की पिस्टल (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री निर्मित), एक रिवॉल्वर और 12 बोर की बंदूक बरामद की गई है। इसके अलावा मौके से बड़ी संख्या में खोखे और जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जो मुठभेड़ की तीव्रता को दर्शाते हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोंटी के खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद समेत विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 36 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराध गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button