अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

इंडियन आयल की पाइपलाइन से तेल चुराने वाला इनामिया गिरफ्तार

2015 फरारी काट रहा था 20 हजार का इनामी गहमा उर्फ महमानाथ

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). यमुनानगर जोन पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर पेट्रोलियम पाइपलाइन चोरी के पुराने मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना मेजा पुलिस की कार्रवाई में 20 हजार रुपये का इनामी गहमा उर्फ महमा नाथ को दबोचा गया, जो इंडियन ऑयल की पाइपलाइन से पेट्रोल-डीजल चोरी के मामले में वांछित था।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद जिले के अरुआ शाहपुर गांव निवासी गहमा उर्फ महमा नाथ वर्ष 2015 में दर्ज एक संगीन मामले में नामजद था और तब से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ थाना मांडा में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं—चोरी, संपत्ति को नुकसान, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, राष्ट्रीय संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, पेट्रोलियम एवं मिनरल पाइपलाइन एक्ट तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर आरोपी को प्रयागराज शहर के खुशरोबाग गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह के साथ मिलकर पेट्रोलियम उत्पादों की अवैध निकासी में शामिल था।

संगठित तरीके से की गई थी चोरी

जांच में सामने आया था कि वर्ष 2015 में थाना मांडा क्षेत्र के ग्राम कुखुड़ी के पास राष्ट्रीय मार्ग किनारे एक दुकान के भीतर कुआं खोदकर भूमिगत बरौनी-कानपुर पाइपलाइन में सेंध लगाई गई थी। इसके जरिए पेट्रोल और डीजल की चोरी की जाती थी। यह तरीका अत्यंत जोखिमपूर्ण होने के साथ-साथ राष्ट्रीय संपत्ति के लिए गंभीर खतरा भी था।

इस मामले में पहले ही एक अन्य आरोपी रवि उर्फ बिन्दी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से गिरोह की गतिविधियों और नेटवर्क के बारे में और अहम जानकारी मिल सकती है।

अभियान के तहत हुई कार्रवाई

डीसीपी विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई है। थाना मेजा की टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल रामजीत यादव, कांस्टेबल विपिन चौधरी और कांस्टेबल अखिलेश यादव की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button