प्रतापगढ़ में दिनदहाड़े हत्याः डुहिया में पंकज शुक्ल को मारी गई गोली
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जिले के अंतू थाना क्षेत्र के डूहिया गांव में शनिवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पंकज शुक्ला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार करीब छह बजे अज्ञात हमलावरों ने पंकज शुक्ला को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पंकज को इलाज के लिए तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए डूहिया गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।


