अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

नहर में मिला पूर्व प्रधान गुलहसन का शव, पांच दिन से थे लापता

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव).  जिले के मानधाता क्षेत्र में पांच दिन से लापता चल रहे पूर्व प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना (50) की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंध के विवाद में उनकी हत्या कर शव को बोरे में बांधकर शारदा सहायक नहर में फेंक दिया गया। गुलहसन बीते 18 मार्च से लापता थे और उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई गई थी।

मामले की जांच में जुटी मानधाता और मऊआइमा पुलिस को तीसरे दिन मऊआइमा के कल्याणपुर-महरोड़ा मार्ग के पास उनकी बाइक लावारिस हालत में मिली थी, जिस पर हेलमेट और चाबी रखी थी। इसी बीच रविवार को सुमेरपुर के पास नहर में बोरे में बंद शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान गुलहसन के रूप में हुई।

पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर कटरा गुलाब सिंह क्षेत्र की एक महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि उसने अपने भाई और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर गुलहसन की हत्या की। आरोप है कि किसी ठोस वस्तु से पीटकर हत्या की गई और बाद में शव को ठिकाने लगाया गया। महिला के अनुसार, पूर्व प्रधान उसे लगातार परेशान कर रहा था।

घटना की सूचना पर मानधाता थाना प्रभारी अरविंद सिंह और एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। एएसपी शैलेंद्र लाल ने बताया कि गुमशुदगी के मामले को हत्या में तरमीम किया जा रहा है और मुख्य आरोपित महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

मृतक गुलहसन के परिवार में शोक का माहौल है। बताया गया कि उनकी दो पत्नियां और 18 बच्चे हैं, जबकि उनके पिता गुलफाम का पहले ही निधन हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button