ताज़ा खबरभारत

बरगी डैम में डूबा क्रूजः नौ शव बरामद, नौ की तलाश जारी

तेज आंधी के बाद डैम में डूबा था क्रूज, 24 को बचाया गया, सेना-SDRF का रेस्क्यू जारी

The live ink desk.  मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम पर गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। पर्यटकों से भरा एक क्रूज डूबने से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन के अनुसार 9 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए युद्धस्तर पर अभियान जारी है।

घटना के वक्त क्रूज में 40–45 पर्यटक सवार थे। हादसा डैम के किनारे से करीब 300 मीटर दूर खमरिया टापू के पास हुआ। अचानक मौसम बिगड़ने और तेज तूफान के चलते क्रूज संतुलन खो बैठा और कुछ ही मिनटों में डूब गया।

क्रूज के पायलट महेश, जिनके पास 10 वर्षों का अनुभव है, ने बताया कि सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे, लेकिन तूफान इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।

रेस्क्यू ऑपरेशन: कई एजेंसियां जुटीं

बरगी सिटी के सीएसपी अंजुल मिश्रा के मुताबिक शुरुआती रेस्क्यू में SDRF ने कई लोगों की जान बचाई, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह फिर से अभियान तेज किया गया।

अब बचाव कार्य में भारतीय सेना भी जुट गई है। इसके अलावा हैदराबाद से स्पेशल टीम और हेलिकॉप्टर भेजा जा रहा है। कोलकाता से पैरामिलिट्री की विशेष टीम पहुंच चुकी है।

अब तक बरामद नौ शवों में से 8 की पहचान हो चुकी है। मृतकों में नीतू सोनी (43), जबलपुर, सौभाग्यम अलागन (42), तमिलनाडु , मधुर मैसी (62), नई दिल्ली, काकुलाझी (38), जबलपुर, रेशमा सैयद (66), शमीम नकवी (66), मरिना मैसी (39), त्रिशान मैसी (4 वर्ष), एक शव की पहचान अभी जारी है।

इस हादसे के बाद सूबे के कई मंत्रियों ने घटनास्थल का दौरा किया। रेस्क्यू आपरेशन अभी जारी है। उच्चाधिकारियों ने मौके पर डेरा डाल रखा है। हादसे को देखते हुए फिलहाल डैम में नौका संचालन पर रोक लगा दी गई है।

बताते चलें कि गर्मी के मौसम में बरगी डैम शाम के समय पर्यटकों से गुलजार रहता है, लेकिन अचानक बदले मौसम ने इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल को मातम में बदल दिया। तेज आंधी-तूफान के बीच हुआ यह हादसा सुरक्षा और मौसम पूर्वानुमान की चुनौतियों पर भी सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी का पता नहीं चल जाता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button