उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

मिर्जापुर-भदोही को जोड़ने वाला पीपे का पुल जनता को समर्पित

भदोही (संजय सिंह). समीपवर्ती जनपद मिर्जापुर के मझवां क्षेत्र में गंगा नदी पर तैयार 700 मीटर लंबे पीपा पुल का रविवार को विधिवत उद्घाटन कर जनता को समर्पित कर दिया गया। नेवढ़ियां गांव स्थित घाट पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा विधायक सुचिश्मिता मौर्या ने पूजन-अर्चन के साथ गेगरांव घाट (भदोही) को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल का लोकार्पण किया। पुल के शुरू होते ही मिर्जापुर और भदोही के बीच आवागमन का एक नया और सीधा रास्ता खुल गया।

करीब 2.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पीपा पुल ने क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत दी है। अब तक ग्रामीणों को नाव का सहारा लेना पड़ता था या लंबा चक्कर लगाकर दूसरे जिले तक पहुंचना होता था, लेकिन अब यह दूरी कुछ ही मिनटों में तय की जा सकेगी। पुल के चालू होने से खासकर महराजगंज और आसपास के गांवों के लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।

लोकार्पण के दौरान घाट पर उत्सव जैसा दृश्य नजर आया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पुल को क्षेत्र की “जीवनरेखा” बताते हुए खुशी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल से न केवल समय और खर्च की बचत होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही छात्रों और मरीजों को शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।

कार्यक्रम में पवन उपाध्याय, जेई अंजनी कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद लोगों ने पैदल और दोपहिया वाहनों से पुल पार कर नई सुविधा का अनुभव भी किया। प्रशासन का मानना है कि यह पुल क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button