ट्रैफिक रूल्स उल्लंघन में 110 वाहनों का चालान, 1,55,000 रुपये जुर्माना

भदोही (संजय सिंह). जनपद भदोही में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 16 व्यक्तियों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेजा गया।
यह गिरफ्तारी अलग-अलग थाना क्षेत्रों—ज्ञानपुर, औराई, सुरियावां, दुर्गागंज, चौरी और ऊंज—में की गई, जहां पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई की।
इसके साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। अभियान के तहत 102 दोपहिया और 8 चारपहिया समेत कुल 110 वाहनों का चालान किया गया, जिससे 1,55,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
वहीं, एक वाहन को गंभीर उल्लंघन के चलते सीज भी किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि जिले में शांति व्यवस्था और सड़क सुरक्षा दोनों सुनिश्चित की जा सके।

