अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलराज्य

कोडीन कफ सिरप रैकेटः प्रयागराज से धरा गया 25 हजार का इनामी शिवम

प्रयागराज/कानपुर (आलोक गुप्ता). अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप के संगठित नेटवर्क पर कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने पांच महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवम अग्रवाल को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी को मामले में अब तक की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि इस प्रकरण में दर्ज आठ मुकदमों में कुल 11 आरोपी वांछित थे, जिनमें शिवम अग्रवाल की गिरफ्तारी छठी बड़ी कार्रवाई है। जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। शुरुआती एफआईआर में जहां 26 लाख कफ सिरप की बोतलों का उल्लेख था, वहीं विस्तृत जांच में यह संख्या बढ़कर करीब 1 करोड़ 12 लाख बोतलों तक पहुंच गई।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने दो फर्जी कंपनियों के माध्यम से इस अवैध कारोबार को संचालित किया और इसका नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ-साथ ड्रग कंट्रोल सिस्टम की गंभीर खामियों को भी उजागर किया है।

पुलिस के अनुसार शिवम अग्रवाल की लोकेशन लगातार गुड़गांव, राजस्थान, दिल्ली और प्रयागराज में ट्रेस हो रही थी। सटीक सूचना के आधार पर उसे आखिरकार प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले उसके पिता विनोद अग्रवाल को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जो इस अवैध धंधे में उसका सहयोगी था।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को हिमाचल प्रदेश के बद्दी और हरियाणा के पानीपत से कफ सिरप की सप्लाई मिलती थी। इनमें से लगभग 76 लाख बोतलें बद्दी से लाई गई थीं, हालांकि अब तक केवल 10 से 15 लाख बोतलों का ही सत्यापन हो सका है।

पुलिस के मुताबिक इस अवैध नेटवर्क का विस्तार बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और यहां तक कि बांग्लादेश तक फैला हुआ है। मामले में अब तक करीब 8 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है, जिसकी सुनवाई ट्रिब्यूनल में जारी है।

फिलहाल पुलिस शिवम अग्रवाल से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही फर्जी कंपनियों और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button