आपरेशन क्लीनः 1.68 करोड़ की शराब पर भदोही पुलिस ने चलाया बुलडोजर

भदोही (संजय सिंह). जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में जब्त की गई भारी मात्रा में शराब का विधिक प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण कराया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान के तहत कुल 142 मुकदमों से संबंधित 33,623 लीटर अवैध अंग्रेजी व देशी शराब को नष्ट किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 68 लाख रुपये आंकी गई है।
अधिकारियों के अनुसार न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। शराब के विनष्टीकरण की प्रक्रिया उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अभियोजन विभाग एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कराई गई।
थाना स्तर पर जब्त शराब का विवरण इस प्रकार है—औराई थाना क्षेत्र से 6,957 लीटर, गोपीगंज से 26,482 लीटर तथा ज्ञानपुर से 184 लीटर अवैध शराब बरामद हुई थी, जिसे नियमानुसार नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई ऊंज थाना क्षेत्र स्थित नौधन यार्ड के खाली परिसर में की गई, जहां सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



