उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

Bhadohi में नष्ट करवाई गई 181 पेटी एक्सपायर्ड शराब

भदोही (संजय सिंह). आबकारी विभाग ने भदोही में अवैध और एक्सपायर्ड मदिरा के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गोपीगंज क्षेत्र में 2024-25 से पूर्व निर्मित और वैधता अवधि पार कर चुके स्टॉक को नियमों के तहत नष्ट किया गया, जिससे जनस्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

आबकारी नीति 2026-27 के प्रावधानों के अनुरूप तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त, वाराणसी जोन की अनुमति और जिलाधिकारी भदोही के आदेश के तहत शनिवार (18 अप्रैल 2026) को जनपद में एक्सपायर्ड मदिरा के विनष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। यह कार्रवाई उप आबकारी आयुक्त (मीरजापुर प्रभार) की अध्यक्षता में गठित समिति की निगरानी में संपन्न हुई।

गोपीगंज क्षेत्र के सोनखरी स्थित विदेशी मदिरा के थोक अनुज्ञापन धारक आदेश पांडेय के परिसर में यह विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान वर्ष 2024-25 से पूर्व निर्मित तथा वर्ष 2025-26 में वैधता अवधि समाप्त होने तक बिक्री के बाद बची हुई मदिरा का विधिवत निस्तारण किया गया।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कुल 30 पेटी विदेशी मदिरा और 151 पेटी वाइन, यानी कुल 181 पेटी एक्सपायर्ड स्टॉक को नष्ट किया गया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया पर्यावरणीय मानकों और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक तरीके से पूरी की गई, ताकि किसी प्रकार का दुरुपयोग या प्रदूषण न हो।

इस कार्यवाही के दौरान गठित समिति में उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर और जिला आबकारी अधिकारी भी सदस्य के रूप में उपस्थित रहे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई, जिससे आबकारी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके।

प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि अवैध या एक्सपायर्ड मदिरा के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button