समाधान दिवसः बारा में आईं 300 शिकायतें, आठ का मौके पर निस्तारण

समस्या समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई अस्वीकारः जिलाधिकारी
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). तहसील बारा में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश देखने को मिला। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कुल 300 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 8 मामलों का तत्काल मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक निपटाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को दो टूक कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या उदासीनता स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की जमीनी स्तर पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए डीएम ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया, ताकि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। साथ ही, पोषण अभियान के तहत दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न कराया गया। पोषण पखवाड़ा रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

समाधान दिवस में भूमि विवाद और अवैध कब्जे से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए। ग्राम उमापुर के रंगदेव द्वारा मकान गिराकर कब्जे की शिकायत पर एसडीएम बारा को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। हरखोरिया कलां के बब्बू प्रसाद तिवारी की श्मशान भूमि पर अवैध पट्टे की शिकायत पर तहसीलदार को जांच सौंपी गई। वहीं, सेमरा के प्रेमचंद्र के भूमि कब्जा प्रकरण में डीसीपी यमुनानगर को विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, शंकरगढ़ क्षेत्र के दिव्यांग सतीश कुमार द्वारा अंत्योदय कार्ड बनवाने की मांग पर जिलापूर्ति अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं में जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण सर्वोपरि है और समयसीमा का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व कर्मियों, विशेषकर लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को भी शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एडीएम आपूर्ति विजय शर्मा, एसडीएम बारा प्रेरणा गौतम, परियोजना निदेशक भूपेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

