अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

जांबिया में प्रयागराज के युवक की मौत, पीएम से मदद की गुहार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). विदेश में रोज़गार की तलाश में गए प्रयागराज के एक युवक की जांबिया में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। प्रयागराज जनपद के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेनीपुर निवासी एक प्रवासी श्रमिक की जांबिया गणराज्य में हुई आकस्मिक दुर्घटना में मौत के बाद परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के परिजनों ने भारत सरकार से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेनीपुर निवासी कृष्ण कुमार द्विवेदी (पुत्र स्व. रामदीन द्विवेदी) जांबिया स्थित एक निजी कंपनी येलोस्ट्रिप रिसोर्सेज जांबिया लिमिटेड में इलेक्ट्रिकल एक्सपर्ट के पद पर कार्यरत थे। 3 अप्रैल 2026 को कंपनी परिसर में भट्टी (फर्नेस) में अचानक हुए ब्लास्ट के कारण वे गंभीर हादसे का शिकार हो गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक वैध रोजगार परमिट (EP485780/2-25) पर वर्ष 2025 से 2027 तक के लिए कार्यरत थे और लंबे समय से कंपनी में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शनिवार को केके द्विवेदी का शव यहां पहुंचने पर कोहराम मच गया।

मृतक के छोटे भाई कमलेश कुमार द्विवेदी ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक प्रार्थना पत्र में पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए सहायता की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी अंजू देवी, एक नाबालिग पुत्री (लगभग 16 वर्ष) और एक नाबालिग पुत्र (लगभग 12 वर्ष) हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। परिवार पूरी तरह केके द्विवेदी की आय पर निर्भर था।

परिजनों ने मांग की है कि केंद्र सरकार परिवार को समुचित आर्थिक सहायता और राहत पैकेज उपलब्ध कराया जाए, ताकि आश्रितों का जीवनयापन संभव हो सके।

स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय और सहायता देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button