अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

अक्षय तृतीया पर मातम: जारी बाजार के दो कारोबारियों की सड़क हादसे में मौत

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शुभता और नए आरंभ के प्रतीक अक्षय तृतीया के दिन प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने उत्सव की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। जारी बाजार के दो वरिष्ठ कारोबारियों की मौके पर मौत से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है।

प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र स्थित जारी बाजार रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद शोक में डूब गया। जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी सेहत बहादुर केसरवानी और बिहारी लाल (दोनों की उम्र लगभग 60 वर्ष से अधिक) रोजमर्रा की तरह सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच गेहूं खरीद के सिलसिले में मोटरसाइकिल से निकले थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही वे रीवा रोड पर मैदा मोड़ के समीप पहुंचे, तेज रफ्तार से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों व्यापारी सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

दोनों मृतक व्यापारी पिछले कई दशकों से गल्ला व्यवसाय से जुड़े थे और क्षेत्रीय बाजार में उनकी अच्छी पहचान थी। वे सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे तथा अनुशासित जीवनशैली और सौम्य व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उनके अचानक निधन से न केवल व्यापारिक जगत बल्कि सामाजिक दायरे में भी गहरा शोक व्याप्त है।

घटना के बाद जारी बाजार की अधिकांश दुकानें स्वतः बंद रहीं और व्यापारियों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में मातमी माहौल बना हुआ है।

अक्षय तृतीया जैसे पावन पर्व पर हुई इस त्रासदी ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button