तालाब में डूबने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में भीषण गर्मी के बीच एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां तालाब में नहाने गए तीन सगे भाई-बहनों की डूबने से मौत हो गई। घटना कंधई थाना क्षेत्र के शाल्हीपुर कंजास गांव की है और सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे घटी, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के मुताबिक, विजय बहादुर यादव के तीनों बच्चे—12 वर्षीय रानी, 8 वर्षीय मोहित और 5 वर्षीय रोहित—घर के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए वे पानी में उतरे, लेकिन गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण तीनों डूब गए। परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना पूरी तरह हादसा है और बच्चों के तालाब में नहाने के दौरान डूबने से मौत हुई। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में इस तरह की घटनाओं में वृद्धि देखी जाती है, खासकर ग्रामीण इलाकों में जहां बच्चे खुले जलस्रोतों में नहाने चले जाते हैं।
स्थानीय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें गहरे या असुरक्षित जल स्रोतों के पास जाने से रोकें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

