अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

प्रयागराज में धारदार हथियार से बाराती की हत्या, रंजिशन हत्या की आशंका

प्रयागराज (आलोक गुप्ता).  उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। घटना सोमवार देर रात खूंटा गांव के पास हुई, जहां बारात में शामिल होने गए 40 वर्षीय व्यक्ति पर विवाद के दौरान हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (यमुनानगर) विवेक चन्द्र यादव के अनुसार, चांद खमरिया गांव निवासी राजू आदिवासी (40) सोमवार रात अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित खूंटा गांव में एक बारात में शामिल होने गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बारात के दौरान किसी बात को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

विवाद के दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल मेजा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मंगलवार सुबह पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने परिवार की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अब तक कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

प्रारंभिक तथ्यों के मुताबिक, यह घटना आपसी विवाद का परिणाम प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं—पूर्व रंजिश और मौके की परिस्थितियों—की जांच कर रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button