UP Weather Update: प्रयागराज, प्रतापगढ़ समेत 32 जिलों में लू का अलर्ट, पारा @45°C
लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप तेज हो गया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कम से कम 32 जिलों में हीट वेव (लू) की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है और दोपहर के समय बाहर निकलना जोखिमपूर्ण हो गया है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, वर्तमान हीट वेव के पीछे दो प्रमुख कारक सक्रिय हैं—उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही शुष्क पछुआ हवाएं और महाराष्ट्र के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण। इन कारणों से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। अगले 24 से 48 घंटों में गर्मी और तेज होने की संभावना जताई गई है, जबकि 25 अप्रैल तक किसी बड़े राहत संकेत की उम्मीद नहीं है।
प्रभावित जिलों में प्रयागराज, वाराणसी, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत कई जिले शामिल हैं, जहां लू चलने और तापमान अत्यधिक रहने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों तक गर्मी का यह दौर जारी रह सकता है। हालांकि 27 अप्रैल के आसपास पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है। फिलहाल नागरिकों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

One Comment