अपराध समाचारअवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

ANTF की बड़ी कार्रवाई: 1.10 करोड़ की हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की प्रयागराज यूनिट ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 550 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.10 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान दो मोबाइल फोन, एक बिना नंबर प्लेट कार और 700 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

एएनटीएफ यूनिट प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र प्रधान के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनिल कुमार उर्फ आशीष सोनकर और सौरभ पुत्र छोटेलाल सोनकर के रूप में हुई है, जो प्रयागराज जिले के मांडा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। प्राथमिक जांच में दोनों के लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मुसरा बायपास के पास दोनों को दबोचा।

पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि बरामद हेरोइन उन्हें एक सप्लायर के माध्यम से मिली थी, जिसे नवाबगंज क्षेत्र में आगे डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और संगठित तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button