होमगार्ड भर्ती परीक्षा: 37 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने लिया परीक्षा केंद्रों का जायजा
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से जिले में कड़ी सुरक्षा और बहुस्तरीय निगरानी के बीच शुरू हो गई। प्रशासन के अनुसार 25 से 27 अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जनपद में कुल 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रतिदिन दो पालियों में अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।
पहले दिन जोगेंद्र कुमार (पुलिस आयुक्त) और मनीष कुमार वर्मा (जिलाधिकारी) ने पुलिस लाइन स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम तथा क्रास्थवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सीसीटीवी आधारित लाइव मॉनिटरिंग, प्रवेश जांच, कक्ष निरीक्षण और गोपनीय सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
प्रशासन ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से 24×7 निगरानी की जा रही है, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य सामग्री के सुरक्षित संकलन व जमा कराने की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जा रही है। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।




