थाना समाधान दिवस: 50 में सात शिकायतें मौके पर निस्तारित, संयुक्त टीमें गठित

भदोही (संजय सिंह). जनपद के सभी थानों पर शनिवार को आयोजित ‘थाना समाधान दिवस’ में कुल 50 प्रार्थना पत्रों की सुनवाई की गई, जिनमें से सात पुलिस संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 43 राजस्व मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीमें गठित कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई में शैलेष कुमार और अभिनव त्यागी ने थाना कोईरौना पर स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए।
आंकड़ों के अनुसार प्राप्त कुल 50 शिकायतों में 43 राजस्व विभाग तथा 7 पुलिस विभाग से संबंधित थीं। पुलिस से जुड़े सभी मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि भूमि व राजस्व से जुड़े मामलों में मौके की जांच और अभिलेखीय सत्यापन के लिए संयुक्त टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद जैसे मामलों में फरियादियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए पुलिस और राजस्व विभाग समन्वित ढंग से कार्य करेंगे। सभी लंबित प्रकरणों के समयबद्ध और न्यायसंगत निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि ‘थाना समाधान दिवस’ के माध्यम से जमीनी स्तर पर शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है, जिससे आमजन में भरोसा बढ़ा है और विवादों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज हुई है।

